( नए युग के संत )
भारत की हजारों-हजारों वर्ष प्राचीन संस्कृति जिसमें संतो की परिभाषा ऐसे महान नायकों के रूप में की गई है जो मनुष्य को ईश्वर का साक्षात्कार कराने का मार्ग प्रशस्थ करते है, जो मनुष्य के जीवन को आनन्द से भरने का प्रयास करते है, जो मनुष्य को जीवन की कठिनाईयों से उपर उठाकर परम् ब्रहम से एकीकार करने का प्रयास करते है
परन्तु आज यह प्रश्न खडा होता है कि हजारों – हजारों वर्षो से लगातार ईश्वर को पाने की कोशिश करने के पश्चात भी क्यों भारत के केवल कुछ संत महावीर, बुद्, पैगम्बर, विवेकानन्द ही उस ईश्वर को पा सके, भारत की करोडों की आबादी में क्या केवल कुछ गिनती के लोग ही इस लायक थे कि ईश्वर को प्राप्त कर सके बाकि सारे मनुष्य क्या पापी, दूराचारी, कामी, लोभी थे और है, जबाब तो यही मिलता है कि हां शायद ऐसा ही है वरना युगों – युगों की धार्मिकता के पश्चात भी हम धार्मिक क्यों नही बन पाये, क्यों हमारे देश के लोगों की मोक्ष को प्राप्त करने की प्राणों की प्यास कम नही हुई, क्यों हमारा देश इतना धार्मिक होते हुए भी भ्रष्टाचार, धार्मिक अंधता, गरीबी, भूखमरी, बेरोजगारी, अपराध से ग्रसित है जबकि इस विश्व में हमसे अधिक धार्मिक, आस्तिक लोग पूरी सष्टि पर कहीं नहीं मिलते, हमने जितने ज्यादा अखण्ड पाठ, पूजाएं एवं ईश्वर को पाने के प्रयास किये है शायद ही किसी ओर देश ने किये होगें, तो फिर भी हमें क्यों आज भी गरीबी रेखा का निर्धारण करना पडता है, क्यों हमें भूखमरी के आंकडो को कम करने के लिए भूखे मनुष्यों को ही मारना पडता है
शायद भारत की धार्मिकता सदैव भय पूर्ण रही है, हजारो हजारों सालों से हमारे संत हमें पाप-पुण्य, स्वर्ग-नरक का पाठ पढाते आ रहे है परन्तु फिर भी हम धार्मिक नही बन पाएं, केवल उस कल्पित स्वर्ग की आंकाक्षा में, केवल कल्पित भविष्य की चाह में आज को नष्ट करते आऍं है जबकि महान लोगों ने कहा है कि भविष्य की शुरूआत तो आज के वर्तमान से ही होती है, मेरी दृष्टि में मूल कारण यही रहा है कि हमनें भविष्य की कल्पना में वर्तमान को तिरस्कृत किया है, हमने फूलों की चाह में जडो की ओर ध्यान ही नही दिया है, हमनें चॉंद, तारों, मोक्ष की चाह में, आकाश में उडने की चाह में धरातल को भूला दिया है, बीज, जड, छाया की बात भूल ही गए है
इसलिए आज भारत को आवश्यकता है कि भविष्य के स्वर्ग को छोड, वर्तमान में जीऍं, उसकी स्वर्ग , मोक्ष को प्राप्त करने की जो लालसा है उसे दूसरी दिशा की ओर उन्मुख करें, उसे आज की वर्तमान समस्याओं की ओर ले जाएं, इसलिए आज भारत को उन संतों की आवश्यकता नही है जो केवल उपरी पाठ-पूजाओं, पाखण्डो, अखण्ड पाठों से मनुष्य के मन में स्वर्ग की, मोक्ष की प्यास को बढावा देते है, मनुष्य को धर्म की अंधी खाई में धकेलने का प्रयास करते है जिसमें ईश्वर तो नही मिलेगा अपितु स्वयं मनुष्य ही ओझल हो जाऐगा, आज भारत को आवश्यकता है उन संतों की जो आम लोगों के जीवन को परिवर्तित कर सके, उन्हे भय के वातावरण से, मोक्ष की कोरी कल्पनाओं से उपर उठाकर, समाज, देश के भविष्य में सुधार ला सके क्यों कि स्वर्ग व मोक्ष का सामना तो मनुष्य को मृत्यु के पश्चात करना होगा परन्तु उस नरक का क्या जो इंसान को जीवित रहते भोगना पड रहा है
इतने वर्षो से जारी धार्मिक क्रियाओं के बावजूद भी जब हम अपने समाज को अपराध, भूखमरी, गरीबी, बिमारियों व भय से निजात नही दिला पाये है, तो अब क्यों नही धर्म की अंधता व पाखण्डी संतो को छोडकर ऐसे संतों से प्रेरणा ले जो वाणी व उपदेशों से नही अपितु कर्मो से संत है, जो मनुष्य की रोटी, कपडे, रोजगार की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति की दिशा में चिन्तन करते हो,
आज भारत को जरूरत है उन संतों की जो बेरोजगार, बेसहारा, भूखे भारत के मानुष को ईश्वर, पाप-पुण्य, स्वर्ग-नरक के चक्रव्यूह से बांधने के बजाय उसे शिक्षा दे, रोजगार उपलब्ध करायें, उसकी भूख मिटायें, उसे जीने के लिए सुविधाएं व मार्ग उपलब्ध कराएं, यह भी सच है कि संतों के कारण, उनके उपदेशों, उनकी धार्मिक क्रियाओं के कारण समाज संतुलित रहता है, लोग मर्यादित रहते है तथा नैतिकता का पालन करते है परन्तु क्या केवल समाज को, व्यक्ति को जबरदस्ती सीमाओं में बांधना ही पर्याप्त है, क्या ऐसा नही लगता कि अत्यधिक अनुशासन ही उद्ण्डता व कायरता को जन्म देता है,
भारत को आवश्यकता है ऐसे संतों कि जो ऐसी शिक्षा प्रदान करें, ऐसे प्रयास करे जो मनुष्य के मानव बनने के मार्ग को प्रशस्थ करें, उसे बीज से पेड बनने तथा छाया देने तक की लडाई के लिए तैयार करे, उसे सच्चे अर्थो में इंसान बनाने हेतु आवश्यक सुविधाएं, अधिकार, व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रयास करें, जिस प्रकार फूलों की चाह हेतु पेड की पतियों के बजाय जडो को सिंचना आवश्यक है उसी प्रकार हमें ऐसे संतों की जरूरत है जो जीवन के फूलों को प्राप्त करने के लिए, जीवन की समस्याओं को दूर करने की दिशा में पहल करें ताकि मनुष्य निर्भय होकर ईश्वर प्राप्ति के मार्ग पर बढ सके
हमें आवश्यकता है ऐसे संतों की जो वर्षा के लिए यज्ञ, हवन करने की बजाएं, पानी बचाने, पेड लगाने की शिक्षा दे, जो नदियों को पूजने की बजाएं उन्हे बचाने की शिक्षा दे, जो मनुष्य को अन्न, जल, प़थ्वी का महत्व समझायें, जो केवल मिडिया, टी.वी., अखबारों के माध्यम से धर्म की अंधी खाई में मनुष्य को ना धकेले, जो उपदेश केवल भागवत के वाचन की बजाय क़ष्ण के कर्म के उपदेश पर अधिक टीके हो,
क्यों कि जीवन को जीने का तरीका क्या हो, यह जानना तो जरूरी है ही, परन्तु पहले यह आवश्यक है कि इस पर विचार किया जाएं कि जीवन को जीने लायक कैसे बनाया जाएं, पहले हम भारत के हर मानुष के जीवन को इस लायक तो बनाएं कि उसे जीना कैसे है उस पद्वति पर वह स्वयं विचार कर सके, क्यों कि जीवन को जीने लायक बनाने से पहले, जडो को पानी देने से पहले, जीवन की पद्वति की बात करना व फूलों की चाह करना बेमानी है
--------
अनिल सैनी ‘अनि’
परिचय –
नाम – अनिल सैनी ‘अनि’
शिक्षा – एम.ए समाजशास्ञ, एम.कॉम (बीएडीएम), बी,एड., नेट व एम.फिल. समाजशास्ञ, पीजीडीसीए, पीजीडीआरडी,
जन्म स्थान – सीकर राजस्थान
गत दो तीन वर्षो से शिक्षा के क्षेञ में अध्यापन कार्य तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की कक्षाओं में अध्यापन कार्य,
‘ महिलाओं के विरूद अपराध व हिंसा ’ तथा महिलाओं की समाज में वर्तमान स्थिति पर लेख तथा लधु शोध कार्य किया है तथा वर्तमान सामाजिक समस्याओं को दूर करने व समाज सेवा के लिए प्रयासरत तथा लेखन व साहित्य के क्षेञ में आम युवा के अनसुलझे भावों को प्रकट करने का प्रयास
ई मेल – anil .saini56@yahoo.in
Mob : +91 9983342477

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें